प्रिय शहीद वीर जवान के सम्मानित परिजन,
सादर प्रणाम |
14 फरवरी के उस दुखद दिवस को स्मरण करते हुए हृदय अत्यंत पीड़ा से भर उठा है, जब हमारे देश के वीर सपूतों ने राष्ट्र की सुरक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दे दिया | आपके परिवार पर आए इस असहनीय दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है | यद्यपि हम आपके दर्द को पूर्णतः महसूस नहीं कर सकते, फिर भी सम्पूर्ण राष्ट्र आपके साथ खड़ा है और आपके शौर्यवान पुत्र की वीरता को नमन करता है।
माँ भवानी के वीर सपूतों ने अपने कर्तव्य, साहस और देशभक्ति का सर्वोच्च उदाहरण प्रस्तुत किया है | उनका बलिदान केवल आपके परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का गर्व है | उनका यह सर्वोच्च बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव इस बात के लिए प्रेरित करता रहेगा कि राष्ट्र की सेवा सर्वोपरि होती है | इस देश का प्रत्येक व्यक्ति उनके त्याग और देश के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलेगा और उनका नाम हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा |
दुःख की इस कठिन घड़ी में ईश्वर से यही प्रार्थना है कि वह आपको इस असहनीय पीड़ा और दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें तथा माँ भवानी के उन वीर शहीदों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें | हम सभी देशवासी आपके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं |
आपके वीर सपूत की अमर गाथा हम सभी के हृदयों में अनंत काल तक जीवित रहेगी |
ईश्वर आपको धैर्य एवं साहस प्रदान करें..!
विनम्र श्रद्धांजलि सहित🌸,
चन्दन नाविक ‘विनम्र’
जय हिंद जय भारत 🫡🇮🇳
